सकल जैन समाज द्वारा भ. महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव का भव्य आयोजन

ट्रिप्लीकेन, चेन्नई : श्री जैन संघ ट्रिप्लीकेन के तत्वावधान में सकल जैन समाज द्वारा भगवान महावीर स्वामी का 2623वां जन्म कल्याणक महोत्सव उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। प्रात: 8:00 बजे छाजेड भवन ट्रिप्लीकेन से गाजे-बाजे के साथ वरघोडा अहिंंसा रैली के रुप मे शुरु हुआ। इस मे सैकडों की संख्या में श्रद्धालु भाई-बहिनों ने भाग लिया। भक्तिपूरक गीतिकाएँ एवं जयघोष के साथ रैली 9:15 बजे महावीर भवन पहुंचकर अध्यात्म-सभा मे परिणत हुई।

 महिला समाज द्वारा मंगलाचरण से कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। ट्रिप्लीकेन तेरापंथ ट्रस्ट के प्रबन्धक न्यासी श्री सुरेशकुमार संचेती ने अपने स्वागतीय भाषण में आगंतुक महानुभावों का अभिवादन किया एवं भ. महावीर के उपदेशों का वर्तमान युगीन समस्याओं के समाधान में समाहित योगदान की महत्ता बतलाई। 

श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ के अध्यक्ष श्री माणकचंद सकलेचा, श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ के अध्यक्ष श्री गौतमचन्द छाजेड एवं ट्रिप्लीकेन तेरापंथ ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री सुरेशकुमार संचेती मुख्य अतिथि के बतौर मंचासीन थे।

ट्रिप्लीकेन मैत्री बहु मंडल की बहिनों ने जन्म कल्याणक महोत्सव की झांकी नृत्य-नाटिका के माध्यम से प्रस्तुत की। श्रीमती कुसुम सुराणा ने  Being Arhat नाटिका पेश की, जिसमें नन्हे-नन्हे बाल कलाकारों ने अपनी प्रखर प्रतिभा दिखलाई। जय तुलसी संगीत मंडल के संस्थापक सदस्य श्रद्धानिष्ठ वरिष्ठ श्रावक श्री मदनलाल मर्लेचा ने सुमधुर गीतिका का संगान किया।


 श्री किशोर कटारिया ने 'वरिष्ठ वैभव' अलंकरण की पृष्ठभुमि बतलाई। पिछले कुछ वर्षों से श्री जैन संघ द्वारा ट्रिप्लीकेन में प्रवासित वरिष्ठतम श्रावक-श्राविकाओं को 'वरिष्ठ वैभव' अलंकरण से सम्मानित किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में इस वर्ष श्री दीपचंद सिंघवी एवं श्री मदनलाल मर्लेचा को सम्मानित किया गया। श्री महावीरचंद मुथा एवं श्री महावीरचंद कटारिया ने शाल एवं माल्यार्पण द्वारा उन का बहुमान किया। श्री ललित राठोड ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।

कार्यक्रम पश्चात लगभग 1500 जरुरतमंद लोगों को पौष्टिक भोजन छाजेड भवन एवं महावीर भवन के प्रवेशद्वार पर वितरित किया गया।

पिछले लगभग 45 वर्षों से श्री जैन संघ ट्रिप्लीकेन के तत्वावधान मे सकल जैन समाज द्वारा भ. महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव, सामुहिक क्षमापना महापर्व एवं जरुरतमंद लोगों को भोजन वितरण आदि अनेक विविधनय कार्यक्रम संपादित किये जा रहे है। जैन एकता को संपृष्ठ बनाने हेतु ऐसे कल्याणकारी कार्य पुरे जैन समाज के लिए अनुकरणीय एवं आदर्श है। पुरे आयोजन को सफल बनाने मे जैन युवा शक्ति का अपूर्व सहयोग रहा। कार्यक्रम का कुशल संचालन ट्रिप्लीकेन तेरापंथ ट्रस्ट के मंत्री श्री विजयकुमार गेलड़ा ने किया। यह जानकारी श्री विजयकुमार गेलड़ा ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।